बरामदे में रखी उस कुर्सी को तलाश है,
जमाने से भागते, खुद से लड़ते उस शख्स की,
जो चाहता है सुकून कुछ पल का,
उन बातों से, मुलाकातों से,
यादों से, खुद से किये वादों से,
जख्मों के दिये निशानों से,
किस्सों में बंटे खुद के हिस्सों से,
कुछ पल दूर हटकर
जो चाहता है
साँझ की किरण को छनते हुए
बदलते पहर में सब कुछ मचलते हुए
जाते सूरज को विदा करके ,
आती चाँदनी का स्वागत करके,
पानी के एक घूँट संग
सांसों में चाहत का नया रंग बन
सब कुछ रोम में रमते हुए
वो चाहता है
रखना ज़िंदा उस खुदा को
जिस्म में, रूह में।