सत्कर्मों के संचालक जब 

अपराधी बन बैठे हों तब

अपराधों की दुनिया से

इक अपराधी को चुन लेना तुम 

जो जीवन के अंतिम क्षण पर

अपनी व्यथा कथा कह पाए।

कह पाए कि गांव लूटकर

वह कितना धनवान हुआ है

भूख निवालों का सौदा कर

वह कितना बलवान हुआ है।

कितनी अस्मत लूटी है

किस उच्च शिखर पर पहुंचा है

है आनंद वहां पर कितना

और सुखसागर कितना गहरा है।

कितनी जंजीरें तोड़ी 

क्या क्या प्रतिमान बनाये हैं

इस मोड़ पर आकर अपने सर

वह कितना बोझ उठाये है।