प्रेम में डींगे न हाँको ,
प्रिय हृदय में आज झाँको।
चाँद तारे तोड़ लाना ,
व्यर्थ की यह बात है ।
प्रिय हमारे पास आओ, यह मिलन की रात है।
तुम बताओ आजतक ,
शुचि-प्रेम के इतिहास में,
चाँद तारे तोड़कर
किसने सजाये माँग में ।
इसलिए मैं कह रही हूँ मात्र यह ज़ज्बात है।
प्रिय हमारे पास आओ यह मिलन की रात है ।
चाहते यदि प्रेम करना ,
तो हमारा मान रखना।
माहवारी के समय में,
नित हमारा ध्यान रखना।
एक वनिता के लिए यह ही बड़ी सौगात है ।
प्रिय हमारे पास आओ यह मिलन की रात है ।
तुम निलय से दूर जाते
चूम लेना भाल मेरा।
और आना लौट कर जब,
पूछ लेना हाल मेरा, ।
सिर्फ़ इतना ही हृदय से मेटते संताप हैं ।
प्रिय हमारे पास आओ यह मिलन की रात है।
- Devendra babu