टमाटर महंगे हो गए

किसान धनवान हो गए

सच से तुम कितना दूर

रह गए .

कुछ तो आया ही होगा

कुछ तो कर्जा उतरा होगा

किसान का भला हुआ तो

होगा

तुम सब कह गए

सच से तुम कितना दूर

रह गए

खाद कितनी सस्ती है

कीटनाशक कितने कीमती है

बन्दर कितने शरारती है

सूअर, नील गाय तुम भूल गए

सच से तुम कितना दूर रह गए

मंडी कितनी दूर है

तेल कितना महंगा है

किराया कितना ज्यादा है

तुम कहाँ तक गए ?

सच से तुम कितना दूर

रह गए

किसान कितने धनवान हो गए

तुम्हारी थाली के टमाटर

गूंगे है , ऐसा नहीं

तुम ही उनकी भाषा भूल गए

शहर के शोर में

तुम कितने बहरे हो गए

सच से तुम कितना दूर

रह गए

संवेदना होती तो तुम्हें

टमाटर छूते ही

सच ज्ञात हो जाता

कौन कौन कितना बना गए

सच से तुम कितना दूर

रह गए