' खतरनाक पर प्यारा जंगल'


एक बारगी किसी ने पूछा,

तुम को क्या पसंद है,

पार्क , वन या जंगल?

कहकर उसने देखा मेरी ओर ,

शायद सुनना चाहती थी कि पार्क,

पार्क ? हाँ पार्क क्योंकि

मैं अक्सर पार्क में ही पाया जाता हूँ,

सुबह हो, शाम हो या हो रातें,

पार्क मेरा एक घर-सा है,

वहाँ में खो जाता हूँ

खुद में, स्वयं की खोज में,

लेकिन वो मेरे जवाब से चौंक गयी,

उसे विश्वास नहीं हो रहा था,

मेरा कहना था 'जंगल'

हाँ, पार्क नहीं, वन नहीं,जंगल,

पार्क या वन तो बाहरी स्वरूप है मेरे

अंदर से मैं पूरा एक जंगल हूँ

पार्क या वन की तरह

व्यवस्थित होकर जी ही नहीं सकता,

मुझे तो पसंद है जंगल,

जंगल मतलब फॉरेस्ट,

बेतरतीब, स्वछंद, अल्हड़,

खतरनाक पर प्यारा जंगल।


-देवब्रत शर्मा 'देव'