मच्छर कुल की जब लगी सभा, आया सारा मंत्री परिषद।

कुल के भविष्य की चिंता पर जब जमा हुआ भावी संसद।


तब ढोल बजे हुआ उदघोषण थी सभा सन्न सब लोग डरे।

मच्छराधिराज तब हुए प्रकट, सब शीश झुके करबद्ध खड़े।


फिर महाराज ने ली रिपोर्ट, महामंत्री ने तब किया अवगत।

आदेशित कर मंत्री को तब, चालू हो गई महासभा तुरत।


सेनापति बोला हे राजन, है घोर विपति विप्लव गायन।

शत्रु बढ़ चला होकर अधीर, हो मार्ग प्रशस्त विनती भगवन।


मच्छराधिपति तब उठ बोले, सिंहासन थरथर डोले।

है कौन साहसी इस जग में, मृत्यु का स्वयं जो दर खोले।


सेनापति बोला मच्छर श्रेष्ठ, शत्रु है अब की बार प्रबल।

गुडनाइट मोर्टीन ऑलआउट, कर दिये हमरा जीना दुर्बल।


जब धुआं छिङकता है शासन, छा जाता चारों और मरण।

निज प्राणों की रक्षा हेतु, लेनी पड़ती नालों में शरण।


मच्छरदानी करते प्रयोग, हम खून नहीं पी पाते हैं।

गलती से पा भी गए प्रवेश तो मूड पकड़ पछताते हैं।


स्वच्छता अभियान के चलने से नहीं मिल पाता पौष्टिक भोजन।

मक्खी भी अब मुंह फेर गई, बर्बाद हो रहा है यौवन।


सुनकर संसद में शत्रु नाद, तापमान बङकर हो गया अधिक।

किंतु राजा के मुख मंडल पर, ना था संकट का भाव तनिक।


बोला वह कहता राजधर्म बढ़ खुद विपत्ति पर छाने को

बन निडर अभय निर्भीक सदा, दुश्मन से टकराने को।


कुल विध्वंस बचाने को, सबको राह दिखलाने को।

महाराज ने बुलवाने भेजा डेंगू और उसके सालों को।


डेंगू प्रस्तुत राजन समक्ष बोला आदेश करो महाराज।

मच्छर जाति के भंजक को भुजं कर खा जाऊंगा सौ बार।


बोला नरेश तब हे डेंगू, मेरा तुमको आशीरवाद।

सेना की टुकड़ी ले निकलो विजयी हो कर शत्रु संहार।


सेना को तब संगठित कर, दृढ़ निश्चय कर बढ़ चले वीर।

शत्रु का राजन के समक्ष निज हाथ से धरने कटा शीश।


शत्रु को युद्ध की लगी भनक तो लहू वहां भी खौल उठा।

जय महादेव के नारे से तब मानव कुल भी बोल उठा।


मॉर्टिन को डेंगू का जिम्मा, नराधिपती ने जब सौंपा।

हर्षित होकर अंतर्मन से, तब सिंहनाद सा वह गूंजा।


बोला निश्चिंत रहो राजन्, उत्सव की करो अब तैयारी।

फहरा कर जब पातका विजय, हो जशन जीत रातें सारी।


मोस्कीटो बैट और ऑलआउट, तैयार थे सेना से लड़ने।

बैटरी को अपनी कर रिचार्ज रिफिल को लगे पुनः भरने।


छिड़काव धुएं का करवा कर, घोषणा टीवी पर करवाई।

शासन ने डेंगू की सूचना, अपने लोगों तक पहुंचाई।


डेंगू तब दुर्ग तक आ पहुंचा, टिड्डी दल सी रफ्तार लिए।

प्यासा तो था पर नीर नहीं, शत्रु दल का जो रक्त पिए।


मच्छर सेना में हुई गूंज, या तो जीतें या आज मरें।

हो इंतजार अब और नहीं, चलो चलें सब खून पीएं।


इतना कहना था सेना का, गुस्सा मानव का गया फूट।

मॉस्किटो बैट तब हाथ लिए, मच्छर सेना पर पड़ा टूट।


हुआ इंद्रवज्र सा जब प्रहार, सहस्त्रो जलकर हुए भषम।

अस्थि पंजर भी नहीं मिले, पसरा चहुंओर बड़ा मातम।


डेंगू गुस्से से हुआ लाल बोला यदि मां का दूध पिया।

कमजोरों से क्या लड़ता है दम है तो मेरे सामने आ।


तब तन में गरुड़ सा वेग लिए, मच्छर सेना घुसी शत्रु देश।

मच्छरदानी के नीचे से, पा गए दुर्ग में वे प्रवेश।


मानव कुल पर वे टूट पड़े इक इक पर सौ सौ फूट पड़े।

प्यासी छाती को शांत किया, विष वाण लहू में छोड़ चले।


गुडनाइट मोर्टीन ऑलआउट हो गए क्रोध से रक्त लाल।

बोले इक क्षण हो व्यर्थ नहीं, मच्छर सेना का बनो काल।


धुंआ रसायन छोड़ दिया सेना का मनोबल तोड़ दिया।

एक बार में लाखों मूर्छित कर रस्ता सेना का मोड़ दिया।


जीजा साले की जोड़ी से, दुर्दशा यह देखी ना गई।

डेंगू तब मलेरिया से बोला, जब आन गई तो जान गई।


मच्छर कुल की अब आन लिए मच्छराधिराज की शान लिए।

लड़ना तो हमको ही होगा , मन में अपने अभिमान लिए।


यदि आज हुए कर्तव्य विमुख नहीं पाएंगे जीवन भर सुख।

रण से यदि आज डरे दोनों राजन को दिखलाएंगे क्या मुख।


फिर क्रोध ताप की अग्नि से अश्रु उड़ गये बन शीघ्र भाप।

कुल मान की रक्षा की खातिर दो वीर लड़े बिना संताप।


मोर्टीन ने शीश काट डाला, डेंगू का बिना ही देर किए।

धङ ने किंतु आगे बढ़कर मोर्टीन के प्राण तब खींच लिए।


दोनों वीरों की मृत्यु पर, सारा संसार ही रोया था।

सारा जीवन कर्तव्यनिष्ठ अब नींद मौत की सोया था।


मच्छर सेना अब हार गई, केवल मलेरिया रहा शेष।

बंदी तब उसको बना लिया कर दिया राजा के समक्ष पेश।


बोला नरश्रेष्ठ कहो योद्धा क्या मंशा थी क्यूँ युद्ध किया।

क्या ज्ञात नहीं है तुम्हें यह, मानव ने सबको पेल दिया।


बोला वह माफ करो राजन हम गलती नहीं दोहराएंगे।

अब जानवरों का कड़वा खून पीकर ही काम चलाएंगे।


इंसानों से बस प्रार्थना यही, फ्री फोकट मारे ना हमको।

गलती से तन पर बैठ गए तो स्वर्ग सिधारे ना हमको।


गंदा पानी ना जमा करें भोजन को सदैव रखे ढककर।

ललचाना हमको बंद करें बाहें अपनी खुली रख कर।


बोला मलेरिया हे राजन, संधि का है प्रस्ताव यही।

मच्छर और मानव बस्ती की सीमा हो निर्धारित अबकी।


राजा ने करके माफ उसे, वापस उसके कुल भेज दिया।

संधि मच्छर कुल से करके फिर यहां खुशी से राज किया।





समाप्त


देवान्शु शर्मा