एक अलसाई सुबह में,,बाग़ में घूमते,

सहसा हरी घास पर देखी कई बूँदे।

चला एक से बात करने,जो चमक रही थी कुछ ज़्यादा ही,

ख़ुश तो मानो यूँ थी जैसे सरोवर के हंस।

पूछा मैंने उसकी ज़िंदादिली देखकर ,

पल भर के लिए हो यहाँ फिर क्यूँ इतना ख़ुश हो तुम??

मैं ख़ुश हूँ क्यूँकि तुम सब हो यहाँ,

तुम ना होते तो शायद मैं भी ना होती।

सूरज भले खा जाए मुझे,पर यह चमक उसी की है,

यह हवा उड़ा ले जाए भले मुझे ,में लहराती हूँ इसी से।

भले यह पत्ती गिरा दे मुझे पर यही मेरा पहला घर है,

और तुम, तुम ना होते तो मुझसे कौन बात करता??

इतने से समय में इतना साथ, यही है ख़ुशी का राज 

मेरा तो होना ही इसी में हैं।

ख़ुश रहूँ और ख़ुशी दे जाऊँ सबको ,

बूँद से यह सुनकर मुस्कुरा उठा मैं।

इस जहाँ में अकेले आने वाले इंसान को इतना साथ,

फिर क्यूँ ना मुस्कुराए वो,क्यूँ रहे उदास??

बूँद से यह सीखकर घर की ओर निकल चला था मैं,

रास्ते में मिलने वाले हर किसी को देखकर मुस्कुरा उठता।

यही सोचता कि तुम हो तो मैं हूँ,

मेरी सार्थकता इसी में है ।

ज़िंदादिली भी तुम से,, जीना भी तुमसे,

फिर क्यूँ ना मुस्कुराऊँ मैं, क्यूँ ना रहूँ ख़ुश मैं??