माँ... कभी तुम्हारा मन नहीं किया

जिंदगी जीना सीखने को...

कभी अकेले होने का

डर नहीं लगा मुझे तुम जो

घर के हर कोने में मौजूद थी...


क्या कभी तुम्हारा मन नहीं हुआ

किसी शाम बना तुम्हारा पसंदीदा पकवान

एक कटोरी ज्यादा खाने को...


घर में सबकी पसंद नापसंद

का खयाल रखती हो

क्या कभी तुम्हारा मन नहीं हुआ

अपनी पसन्द बताने को...


मेरी परेशानियों को तुमने आंचल में समेट लिया

मेरी हर शिकायत भी तुमने गले लगा ली

क्या कभी तुम्हारा मन नहीं हुआ

वो आंचल खोल अपनी परेशानी बताने को...


तुम्हारा सारा वक़्त हमारे इर्द गिर्द निकल जाता है

हर छोटी बड़ी चीज तुम याद रखती हो

माँ... कभी तुम्हारा मन नहीं हुआ

एक रोज सब भूल, कहीं बाहर घूम आने को...