वो सर्द सुबह की गर्म धूप सा है,
ठंडी रातों की ओस सी मैं।
वो किसी डाल पर बेठे
पंछी की चहचहाहट सा है,
उस पंछी के उड़ जाने के
बाद की शांति सी मैं।
वो एक अधीर सागर सा है,
खामोश लहर सी मैं।
वो तपते सूरज के तेज सा है,
एक नन्ही किरण सी मैं।
वो एक मधुर प्रेमगीत सा है,
कुछ बिखरे वर्णों सी मैं।
वो बसंत के खिलखिलाते
रंगीन फ़ूलों सा हैं,
पतझड़ में विरान
पेड़ की शाखा सी मैं।
वो चंचल,चपल कृष्ण सा है,
प्रेम में डूबी मीरा सी मैं।
