खेल रचाकर दुनिया और ज़माने में।
जा बैठे हो जाने किस तैखाने में।
हाय फरिश्तों थोड़ा सा तो सब्र करो।
उनको थोड़ी देर लगेगी आने में।
दिल का चैन सुकून तुम्हारे दर पर है ?
फिर क्यों इतनी भीड़ है इस मैखाने में।
एहसासों के जाल बिछाकर क्या पाया ?
क्या रखा है खोने में और पाने में ?
उसने दिल की बात बताई महफ़िल को।
मेरा कोई जिक्र नही अफ़साने में।
बस नादानी समझ के छोड़ो माफ़ करो।
जाने क्या क्या लिखता हूँ अनजाने में।
उसने मय को सब में बांट दिया "दानिश"।
और फिर मुझको डाल दिया पैमाने में।