फिर स्वर से स्वर का अनबन होगा, 
वे अंतर-बल को तोड़ेंगे,
फिर कल्पित लक्ष्य से असंगत पथ में, 
मिथ्या दंभ को जोड़ेंगे, 
फिर सुख-दुःख के कई भाग बटेंगे, 
कितने कृत्य को मोड़ेंगे,
फिर सुबह से लेकर साँझ तक हम-तुम, 
निंद्य के वृत्त में दौड़ेंगे ।

फिर बादल के कण अदृष्ट गगन में,
निर्जल नीरस विचरेंगे,
फिर निष्ठुर पतझड़ झर-झर होगा, 
और वन-वन पँछी भटकेंगे,
फिर तम से दग्ध चहुँ दिशा जलेगी,
तारे शुन्य से लिपटेंगे,
फिर कहीं नदी रुकेगी, सिंधु थमेगा,
वो कब तक अपना जल देंगे ।

फिर विद्वेष का कण-कण पीर बनेगा,
हम अंतर-अंतर दहकेंगें,
फिर कुछ सरल नहीं सब विकट ही होगा,
प्रतिशोध के पथ पर चल देंगे,
मैं इस पार रहूँ, कि मैं उस पार रहूँ, 
ये निर्णय तुम पर छोड़ेंगे,
क्यों हम हारे नहीं, क्यों हम जीते नहीं,
इस द्विसंक्य का कैसे हल देंगे । -चंद्र शेखर तिवारी