आज मेरे पिताजी जी और माताजी की शादी की 29वीं वर्षगांठ है। और मुझे पैदा हुए 27 साल हो गए। आज जब मैंने अपने अतीत और अपने माता पिता के जीवन को देखा तो मैने पाया की मैने अपने जीवन अपने जीवन में सिर्फ तकलीफों के सिवा उनको कुछ दिया ही नहीं है। उनके जीवन में मैं सिर्फ एक परेशानी बन के ही आया हूं । ऐसा नहीं है की कभी उन्होंने ये बातें बोली हो मुझे मगर हर बार जब मैं उनके दुख का कारण बनता हूं तो मुझे ये स्पष्ट दिखता है।

खैर मैं आपको शुरू से बताता हूं...

मेरे पिता जी का जीवन एक काफी संघर्ष की अवस्था में गुजरा है शुरू से उन्हे सिर्फ दुःख के कुछ हासिल नहीं हुआ । मुझे जहां तक सुनने को मिला मेरे दादाजी की मृत्यु 1993 में हो गई थी, और उस घटना का प्रभाव मेरे पिता के उपर काफी वृहद रूप से पड़ा । उसके बाद से उन्होंने परिवार को छोड़ कर किसी भी रिश्ते को तरजीह नहीं दी क्योंकि मेरे दादाजी की मृत्यु में लापरवाही का बड़ा स्थान था।

मेरी दादी बताती थी की जब मेरे दादाजी की मृत्यु हुई तब वह गिर गई थी और उनके कमर में बेहद गंभीर चोटे आई थी । पारिवारिक स्थिति तब ऐसी थी मेरी मेरे दादाजी के काम के लिए चावल मांगने जब गए मेरे पड़ोस में तो उन्होंने कहा था की चावल दे देंगे तो लौटाएगा कैसे.? उसके बाद मेरे पिता जी वहां का सब करने के बाद मेरी दादी और मेरे छोटे चाचा जी को गांव में अकेला छोड़ के कलकत्ता चले आए। वहां का संघर्ष भी काफी बुरा रहा उतना ही पता है मुझे जितना उन्होंने ने बताया कई मौकों पर की वहां एक बुआ थी उनके यहां रहते थे वहां उनके बच्चों को भी देखना वहां कई मौकों पर घर के बाहर बिछाए गए बोरे को ओढ़ कर सोना पड़ा था। 1995 में मेरे पिता जी को शादी हुई और 1997 में चैत्र में मेरा जन्म हुआ। मेरा पूरा परिवार खुश था तब। समय बीतता गया और मुझे अपने होश से अब तक सब कुछ याद है। भगवान ने किस्मत खराब तो दी है मगर यादाश्त ठीक ठाक दे दिया ।

मैं जब छोटा था तब मेरे पिता जी की आय इतनी नही थी की मेरे घर के लिए पर्याप्त हो तब शायद मैं 7 साल का रहा होऊंगा ।

मेरी माताजी ने उस संघर्ष में भी कभी पिताजी से कोई शिकायत नहीं की थी। कई मौकों पर मेरी मां के साथ घरेलू हिंसा भी किया गया । फिर भी मेरी मां ने न तो कभी अपने मायके शिकायत की न कभी उन्हें दोष दिया और न कभी पिताजी से ऐसी शिकायत की। पहले पत्र के माध्यम से संवाद होते थे । और सबसे मजेदार बात तो ये है की वो संवाद का सबसे बेहतरीन तरीका था क्योंकि एक तो पेपर का आकार छोटा था तो लोग लिखते कम थे और महत्वपूर्ण विषय ही लिखते थे और आज भी वो सारे पत्र मेरी मां में पास सुरक्षित है। कई मौकों पर मैने उसे पढ़ा और इतना ही की पूरा पढ़ने की हिम्मत नहीं हुई। उस समय मेरे घर में खाने को खाना भी सही से नही हो पाता था था मुझे याद है जब मैं कभी अपने पड़ोस में आटा मांगने जाता था एक छोटे वाले डब्बे में तो कई घरों में मांगने के बाद कोई एक तैयार होता था देने को। कभी पैसे की जरूरत पड़ती तो 20 रुपए के लिए मुझे अपने पड़ोस के सारे घर में मांगना पड़ता था तब शायद मिलता या वो निराशा ही हाथ लगती । मेरी मां तब भी एक सबल स्त्री के तरह पिता जी का साथ देती आई। कभी इस बात के लिए भी शिकायत नहीं की। मुझे बहुत बुरा लगता की क्या ईश्वर इतना कठोर हो सकता है.? सुबह में चावल बनता तो शाम में बचता, मेरी मां को पता होता की बच्चे भूखे रहेंगे तो वो खुद कम खाती मगर हमारे लिए चावल बचा के रखती। शाम को वो चावल हम दोनों भाई (तब तक मेरा दूसरा भाई 4 साल का रहा होगा) को चावल में पानी डाल के अचार के साथ देती खाने को और कहती की बहुत अच्छा लगता है। और शाम में फिर मुझे कहती की जाओ देखो साग खेत के किनारे पर होगा तोड़ ले आओ बड़ा स्वादिष्ट होता है। मैं जाता खेतों के किनारे से एक दो एक दो कर के साग तोड़ के लाता तो भी वो एक पाव से ज्यादा नहीं हो पाता और बनाने के बाद क्या स्थिति होगी उसका अंदाजा लगा सकते है आप उस में हम पूरा परिवार खाते थे और हो भी जाता था पता नहीं कैसे । धीरे धीरे मैं बड़ा होने लगा था । इस सब के दौरान मुझे कभी भी पिता का प्यार नसीब नहीं हुआ, मेरे मन में पिता की एक कठोर छवि थी जिसमे लगता था की पिताजी हमेशा गुस्से में रहने वाले होंगे उनसे बात करना जबान लड़ाने के बराबर होगा तो मैने कभी किसी बात के लिए अपने पिता को कहा ही नहीं। उसके बाद कभी पिताजी आते तो मेरा भी मन करता और बच्चों की तरह दुकान से कुछ खरीद के खाते मगर घर से पैसे मिलते नहीं थे और पिताजी से मांगने की हिम्मत नहीं थी और जब मेरी मां मांगती तो कहते की काम बताओ तब पैसे मिलेंगे तो और हमारी निराशा बढ़ जाती थी । तो कई मौकों पर मैंने अपने पिता जी की जेब से 5 रुपए से ले के 100 रुपए तक निकाले। और मेरे पिता जी ने ऐसे अवसरों पर मुझे चोर शब्द की उपाधि दी । खैर उनका बुरा आशय नहीं रहा होगा क्योंकि कोई भी मां बाप अपने बच्चों में ये आदतें पसंद नहीं करेगा । मेरे पिताजी वैसे भी सिद्धांतवादी थे। जेठ में जब मेरे गांव के खेत से कुछ अनाज आते तो दोपहर से समय मैं उस में से कुछ लगभग आधे किलो के करीब एक गमछा में बांध कर घर के बाहर फेंक देता जब सब सो रहे होते तब। सहमे दबे पांव बाहर जाता और उसको ले k दुकान में बेचने जाता ताकि कुछ खरीद के खा सकूं आखिर बचपन तो बचपन ही होता है । वे दुकानवाले को भी पता था की मैं चोरी कर के लाया हूं तो कीमत कम लगाते । जब भी पता लगता मेरी माता जी मेरी जम के कुटाई करती और मैं भी उन्हें क्या समझाता.?? समय बीतता गया और मेरे पिता जी मेरी बुआ जी के यहां से काम छोड़ कर अपना काम मतलब ये की बुआ के यहां गाड़ी चलाने का काम छोड़ के अपना गाड़ी लेने का सोच रहे थे और ऐसे में उनका साथ दिया एक उनके दोस्त सर्वेश जी ने। और मेरी पहली गाड़ी मेरे पिताजी ने ली शायद 2009 के करीब जो एक पुरानी टाटा सूमो थी । इधर पिताजी की आर्थिक उन्नति की शुरुआत थी और इधर मैं भी अपनी दसवीं की पढ़ाई करने लगा था वर्ष 2011 में मेरी दसवीं की पढ़ाई पूरी हुई और मेरी अच्छी शिक्षा के लिए मेरी मां ने पिता जी से पहली बार विरोध किया और हमे ले के आ गई हमारे जिले मुजफ्फरपुर में जो बिहार का एक छोटा शहर था । मुझे ये बिल्कुल अच्छा नहीं लगता की मेरे पिताजी अकेले पैसे कमाते और लगभग मुजफ्फरपुर से घर तक करीब नौ आदमी खाने वाले थे। तो पहली बार मैं खुद से काम करने के बारे में सोचा। मेरा शुरू से ये था की मुझे अपना व्यवसाय करना है और शायद ये गुण मुझे मेरे पिता से ही मिला है क्योंकि मुझे अधीन होना पसंद नहीं है। तो पहली बार मैं एक स्कूल में गया था ये पूछने की मुझे क्या वो शिक्षक के लिए रखेंगे, और ये बड़ी दिलचस्प बात है उस स्कूल के प्रिंसिपल से कहां की तुमसे बड़े तो मेरे स्कूल के बच्चे है । और मैं वापस घर आ गया। उस दौरान मेरे पिता जी मुजफ्फरपुर जहां हम किराए के मकान में रहते थे वहां आए । मेरे बचपन की एक दोस्त थी शायद उसे मैं पसंद भी उसे पसंद करता था वो भी मुझे पसंद करती थी। उस समय में लड़की का मोबाइल रखना किसी अपराध से कम नहीं था । मेरे साथ वो एक ट्यूशन में पढ़ती थी मेरे से एक क्लास जूनियर थी। बात सिर्फ देखने भर थी तब चाहे ट्यूशन में हो या उसके घर के चक्कर लगाने को वो भरी जेठ की दुपहरी में । उसके घर के बगल मे मैने एक दोस्त बना रखा था और वो मुझे बताता की 2 से 5 बजे के बीच में वो छत पर आती है और मैं इतने देर में उसके घर के कई चक्कर लगा लेता और न मैने उस से बात की ना उसने मुझसे मगर वो कहते है न पहला प्यार और ठंडी का बुखार हालत खराब कर देता है। वैसा ही था मुझे उसके घर के आस पास वाले ऐसे देखते जैसे मैं उसका अपहरण करने आया होता । तो हुआ ये कि जब मैं शहर आ गया तो उस से पहले उसने मुझसे एक फिजिक्स की बुक मांगी थी मैंने दे दिया था । जब मैं गया तो उसको दिख गया मैं वही जहां मैं जेठ ने अनाज बेच के चॉकलेट खाने जाया करता था तो बोली कि थोड़ी देर रुको मैं किताब ले के आती हूं । वो गई और आते आते चार के करीब बजे होने मेरे बगल के दोस्त लोग वही खड़े थे वो बुक दे के चली गई । तब तक एक लड़के ने वो ले लिया झट से और उसको पलट के ढूंढने लगा और अचानक चिल्ला के बोला "मिल गया मिल गया नंबर मिल गया" मैं कुछ समझ पाता तब तक वो नंबर सब ने याद कर लिया। मैने इस बात को इतनी गंभीरता से नहीं लिया और वापस शहर आ गया। अचानक एक दिन ट्यूशन वाले सर का मेरे चाचा के मोबाइल पर कॉल आता है की आपका भतीजा लड़की सब को कॉल करके परेशान करता है और जानते है किस्मत तो मेरी इतनी खराब है की इस घटना से 5 दिन पहले मैने एक मोबाइल खरीदा था । चाचा घर पे आए और मुझे पिट दिए। पापा तब यहीं थे पापा ने पूछा की क्या बात है सारी बाते बताई गई और पापा ने बोला की उसकी मां को जब ये कॉल करता होगा तो बोलो इसको बात करेगा हमारे सामने अगर आवाज यही होगा तो हम समझेंगे क्या करना है और मेरी जिंदगी की पहली ऐसी वारदात थी जिसमे मैं अपने चरित्र के प्रति सहम सा गया था । खैर मैंने कॉल किया और उसकी मां ने कहा "नहीं ये नही था । फिर ये कहानी यहीं समाप्त हो गई और मुझे एक स्कूल छोटा सा मिला 1200 के महीने पर । तब स्थिति यह थी की मैं पढ़ाने में इच्छुक तो था मगर योग्यता नहीं थी मैं तीसरी के बच्चों को भी नही पढ़ा पाता और विद्यालय को लगा कि शायद मैं ठीक नहीं हूं तो उन्होंने मुझे निकल दिया। घर पर आके मैं बहुत रोया और फिर मैने खुद को समझाया की रोने से अच्छा है खुद को उस योग्य बनाया जाए और फिर मैने कभी पीछे मुड़ के नहीं देखा और एक अच्छे शिक्षक के रूप में हजारों विद्यार्थी को पढ़ा चुका । मेरी जिंदगी में प्रति दिन ऐसा है की मैं न चाहते हुए भी चिंता को गले लगा लेता हूं ।

मुझे ये बात बिलकुल नहीं पसंद थी की मैं अपने पिता की आर्थिक स्थिति पर पलूं। मैंने खुद की आर्थिक स्थिति बढ़ाने और अपने परिवार को मजबूत करने की हर संभव मदद की है। मगर हर कदम पर किस्मत ने धोखा दिया है और हर जगह पर फेल हो जाता हूं ।

मैने कोचिंग खोली पहली बार 2015 में वहीं मेरी मुलाकात एक ऐसी लड़की से हुई जिसका प्रभाव मेरे जीवन पर बहुत ज्यादा पड़ा हर कदम पर साथ दिया है उसने मेरा मेरे संघर्ष को मेरे साथ जिया है उसने । खैर उसके बारे मे भी बताऊंगा मगर पहले अपने नए काम कोचिंग से संबंधित बात उस समय मैंने एक स्कूल को स्थापित करने में भी अपना योगदान दिया समाज के बच्चों को एक सही शिक्षा मिले इस लिए उस विद्यालय में मैने फ्री में पढ़ाया रात के बारह बजे तक उस विद्यालय के कंपाउंड को साफ करने से ले कर हर काम को करता। और जब चलने लगा तो विद्यालय प्रबंधन ने मुझसे ये कह दिया की "किया ही क्या है विद्यालय के लिए" हालांकि इसके प्रत्यक्षदर्शी वहां के लोग है वे अच्छे से जानते है मगर वो कहते है न किस्मत, वहां भी उसने अपना प्रभाव दिखाया। जहां मैंने कोचिंग खोला विद्यालय ने अपना दबदबा दिखाते हुए उसको बंद करवा दिया। फिर मैने अलग जगह अपने कोचिंग को स्थापित किया किंतु सही जगह नहीं होने के कारण और किस्मत के कारण वहां भी फेल हो गया। फिर एक छोटा सा विद्यालय खोला और फिर वो भी राजनीति और किस्मत का शिकार हुआ और बंद हो गया। मध्यमवर्गीय परिवार से आने के कारण व्यवसाय करने के लिए आर्थिक सहयोग की जरूरत थी मगर वो संभव नहीं था और परिवार भी उसी का सहयोग करता है जहां उसको उम्मीद होती हैं ।

खैर समय समय पर मेरे माता पिता ने मेरा साथ दिया है। इन सब को करने में मैं कर्ज में चला गया और हर जगह फैल होते होते थक गया था और उस समय मुझे उसी लड़की ने संभाला जिसकी बात मैने अभी की थी उसका नाम था अंतरा...

हर जगह पर मेरा साथ दिया है उसने है तकलीफ को मेरे करीब से देखा है उसने मेरी मनोस्थिति को समझा है मेरे चेहरे को देख के पता लगा सकती है की मेरे मन में क्या चल रहा है। हर वो सहयोग जितना बन सका उसने किया है चाहे आर्थिक हो या मानसिक..

बदले में मैने भी उसको दिया है वहीं जो अपने परिवार को दिया है " बदकिस्मती"

न जाने कितने कामों को करता आया हूं और सब जगह निराशा ही हाथ लगती आई है।

उम्मीद ये थी की भगवान होते है और उसको अच्छे से पता है की मेरे काम में मेरी ईमानदारी है या नहीं।

मेरे माता पिता को मेरी वजह से जीवन में सिर्फ तकलीफ ही तकलीफ हुई है कभी खुशी का कारण मैं नहीं बन सका । कई बार ऐसे मौके आए जहां मेरा मन आत्महत्या करने हो हुआ तो भी मैं नहीं कर पाया क्योंकि मेरे परिवार की स्थिति खराब हो जाती जिसको मेरे पिता ने इतने संभाल कर संजोया है उसको मेरी वजह से खराब नहीं होने दिया जा सकता । इन सब के बीच में न जाने कितने मंदिरों कितने पंडितों के सलाह लिए नतीजा शून्य का शून्य ही रहा है। कहते है न प्रारब्ध से बढ़ कर कुछ नहीं होता । मेरा देवताओं में सबसे ज्यादा प्रेम काली मां से रहा है और अफसोस उन्होंने ने भी किस्मत का साथ दिया है हां सही है वो भी अपने बंधनों से प्रतिबंधित है और मैं भी नहीं चाहता की मेरी वजह से वो भी परेशान हो। जब घर परिवार और पैसे से और सब से परेशान होता तो उनके मंदिर में अकेले बैठ के घंटों रोता रहता । लोग कहते है न मां का दिल जल्दी पसीजता है मगर पत्थर में रह कर देवता भी पत्थर हो जाते है। न मेरे रोने से कोई फर्क पड़ा न मेरे न होने से पड़ेगा । मेरे जिंदगी में सब कुछ हुआ सब झेल चुके मगर पैसे की इतनी कमी रही की बताया नहीं जा सकता कई बार लोन लिए मगर काम शुरू करने के समय खर्च किए और कुछ समय बाद काम बंद कर्ज लदा हुआ है और घर भी इस से जूझ रहा है।

दुनिया में सिर्फ एक ही चीज है जो खुशी दे सकती है वो है पैसा, इस वर्तमान औधोगिक विकास और तकनीकी विकास के दौड़ में आपका आर्थिक मजबूत होना ही सब कुछ हैं ।

इतने सारे काम किए मगर सामाजिक पहचान बनी मगर आर्थिक स्थिति शून्य ही रही ।

मेरे घर में मेरे दो भाइयों को पढ़ाने की जिम्मेवारी मेरी होनी चाहिए मगर मैं उस में भी फेल हो गया।

इन सभी कालक्रम में मैं कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता सपने बड़े थे मेरे मगर किस्मत छोटी थी मुझे समाज के लिए कुछ करना था मगर सब का आधार अर्थ है जिसमे मैं हमेशा पीछे रह गया। मेरे पढ़ाए बच्चे अच्छे अच्छे पद और संस्थान में है और मैं वहीं का वहीं रह गया। इन सब में हासिल हुई तो सिर्फ निराशा..

और इन सब से मैं थक गया हूं..

क्रमश:.......

मां और पापा को वर्षगांठ की शुभकामनाएं