मैं और दिल मेरा,
अक्सर बातें करते हैं,
बातों का नही होता ओर छोर कोई,
कुछ भी बतिया लेते हैं,
कभी हँसते हैं खिलखिलाकर कहकहे लगाकर,
कभी रोने लगते हैं सुबक सुबक कर,
पगले हैं दोनो ही,
पागलपंती करते ही रहते हैं,
दिल हंसता है तो मैं कहती हूँ,
अब बस भी कर,
कही नज़र ही ना लग जाए तुझे किसी की,
पगले हैं दोनो सब भूल जाते हैं,
और अपनी बातों में मशगूल हो जाते हैं,
कहते हैं एक दूजे से बस यही,
नही लेना देना हमें कुछ भी इस दुनिया से,
अपनी ही दुनिया मे खोए रहते हैं।
