बस देर हुई है, अभी हारा नही हूँ
लक्ष्य प्रशस्त हूँ, आवारा नही हूँ।
तपना है मुझकों, मैं तारा नही हूँ
हमदर्द हैं काटें, बेसहारा नही हूँ।
माना तनिक हैं कठिन राह मेरी,
कांटों संग चलने में हो रही देरी,
सरल मार्ग का मैं प्यारा नही हूँ,
थका हूँ भले पर बेचारा नही हूँ।
तप कर चमकना जाना है मैंने,
संघर्ष को सहोदर माना है मैंने,
झील है मुझमें फव्वारा नही हूँ
ज्वालामुखी हूँ, गुब्बारा नही हूँ।
डूबा न सकेंगी मुझकों ये लहरें,
भले ही लग जाएं मुझ पर पहरे,
पोत हूँ मैं, कोई शिकारा नही हूँ
ठिकाना है कोई बंजारा नही हूँ।
