आ गए हैं रिश्तों का रंगीं दुशाला छोड़कर
अब कहाँ जायेंगे हम तेरा शिवाला छोड़कर।
कहकहे, सुख, चैन, सपने, नींद, आज़ादी के दिन,
क्या मिलेंगे ये तुम्हें सच का उजाला छोड़कर।
शहर में दिन-रात रोटी के लिए तरसा है वो,
जो गया था गुस्से में घर का निवाला छोड़कर।
हम हैं उस दुनिया के वासी, हम वहीँ पर जायेंगे,
एक दिन रंगीनियाँ, ये रंगशाला छोड़कर।
हाथ काटे, पाँव काटे, फिर कहा आज़ाद हो,
तुम कहीं जाओ मगर सांसों की माला छोड़कर।
एक मुद्दत बाद देखा आइना तो यूं लगा,
उम्र जैसे निकली हो चेहरे पे जाला छोड़कर।
घुलते-घुलते उसकी यादों में मुझे ऐसा लगा,
बेड़ियां खुलने लगी हों जैसे ताला छोड़कर।
(Chetan Anand)