मेरी आँखो में जो आँसू थे
वो तेरे थे
आखिर उन्हें बहाता भी तो कैसे
खुद को रुलाता भी तो कैसे...
अब इन आँसुओं को पीना ही
अपना मुक़द्दर बना लिया
अंदर ही अंदर खुद को
एक समंदर बना लिया...
अब इन निगाहों में कोई
नमी भी नज़र नहीं आती
मगर, अफ़सोस किसी को
कोई कमी भी नज़र नहीं आती...
रात-भर आँखों मे तेरे ख्वाब
ताकते रहते हैं
मै भी नहीं सोता और वो भी
जागते रहते हैं
सच पूछो तो दो क़दम
चलने कि हिम्मत तक नहीं
फिर भी मुस्तकिल
भागते रहते हैं...
अब तेरा कहा ही मुझे
ज़ार-ज़ार कर देता है
मेरी धड़कनों को सदा के लिए
तार-तार कर देता है
और जैसे ही मेरे ज़ख़्म
भरने वाले होते हैं
वो फिर एक तीर मेरे
सीने के आर-पार कर देता है...
अब तेरी फुर्क़त मे
ज़िन्दगी जी रहा हूँ
सभी ज़ख्मों को सान
पे रखकर सी रहा हूँ
गुनाह बस इतना था
कभी पूछे थे किसी के आँसू
और उस दिन से फक़त
आँसू ही पी रहा हूँ...