सड़क का सिग्नल
सड़क का सिग्नल,
आश्चर्य में है,
ख़ुद के ऐसे खड़े रहने पर,
कि उसकी बत्तियाँ,
अब संसार चला रही है ।
लाल,हरा,नारंगी,
मार्ग प्रदर्शक है,
कौन रुकेगा,
कौन ठहरेगा,
कौन भागेगा,
और किसको जल्दी है,
देखता है अपने चारों ओर,
फेरी वालों को,
शीशें साफ़ करने वालों को,
खिलौने वालों को,
भीख माँगने वालों को,
बच्चों को, बूढ़ों को,
वो देखता है,
कभी किसी के लिए ना रुकने वाली दुनिया,
रुकी हुई है,
हँसता है सब पर,
सड़क का सिग्नल ।।
-चंद्र किशोर “उरेती”
