प्रथम प्रश्न मैं हूं और अंतिम प्रश्न भी मैं हूं,
चिन्ता की मनोदशा नहीं मैं चिन्तन की क्रियाविधि हूं।
तत्त्व और ज्ञान का विवेचन मैं युक्तियों का भण्डार हूं,
आचार का मानदण्ड मैं कर्मों का मूल्याकंन हूं।
मैं दर्शन हूं...
विज्ञान के परे का निष्पक्ष विचार और मन्थन मैं
समग्र विश्व और जीवन का तार्किक अध्ययन हूं,
भावना और विश्वास पर आश्रित नहीं मैं बौद्धिक प्रयोग हूं।
पश्चिम में विद्या का अनुराग मैं भारत में तत्व का साक्षात्कार हूं,
दुखों का उन्मूलन पथ मैं उत्कण्ठा से ओत-प्रोत हूं।
मैं दर्शन हूं...
भाषा का विश्लेषक मैं आलोचनात्मक परिप्रेक्ष्य हूं,
यह सम्पूर्ण विश्व मेरी प्रयोगशाला मैं स्वयं ही अन्वेषण हूं।
मुझसे अछूता कोई विषय नहीं मैं सम्पूर्ण शास्त्रों की जननी हूं,
मेरे परिमाण का कोई मापक नहीं मैं अबाध और असीम हूं।
मैं दर्शन हूं…