पूरे घर में एक हिस्से की सफ़ाई रह गयी,
बाबू जी और माँ के कमरे की पुताई रह गयी,
सब नये घर में गये इक चारपाई रह गयी,
चुप अगर रहती तो जाती, चरमराई... रह गयी,
है यही अफ़सोस खंजर पीठ पर मारा गया,
ऐ मेरे क़ातिल तुम्हारी मुंह दिखाई रह गयी,
इस तरफ़ तो रह गयीं तन्हा हमारी उंगलियां,
और सूनी उस तरफ़ तेरी कलाई रह गयी,
जश्न अपनी कामयाबी का मना पाया नहीं,
बस यही गिनता रहा किसकी बधाई रह गयी,
पर्वतों को तोङने वाले तुझे है क्या पता,
बंद मुट्ठी में हमारी कितनी राई रह गयी,
चार बजते ही घङी में सोचने लगता हूँ मैं ,
रात अब कटने को है बस इक तिहाई रह गयी,
शेखर
