सुबह की चाय से साजन मेरे
करूँ शिकायतें जी भर तेरी
तुम जो कुछ और ना समझ पाओ
समझ लो इतनी जरूरत मेरी

जो माँगा था तो कुछ वजूद हमने
वो भी सारा कहां हमारा था
मेरा तो नाम भी तुम्हारा है,
मेरा तो रूप भी तुम्हारा था

तुम्हारा साथ सुंदरता मेरी  । सुबह की चाय...

निडर रहती थी साथ में सजना
अब तो आहट से सहम जाती हूँ
साथ तुम थे तो मैं इठलाती थी
सबसे नजरे मैं अब चुराती हूँ

सात जन्मों की मैं संगिनि तेरी । सुबह की चाय...

अकेली रहती हूँ मगर अब भी
पलंग का दाहिनाँ तुम्हारा है
कहीं आकर न छू लो उस तरह
सोच कर खुदको भी सँवारा है

एक तुम हो, नहीं पड़ी मेरी । सुबह की चाय...

तुम्हारी याद करते सोने जाती हूँ
तुम्हारी यादों से सपने सजाती हूँ
तुम्हारी याद संग मेरा सवेरा हो
इसलिए चाय अब भी दो बनाती हूँ

तुम भी कुछ याद करते हो मेरी? । सुबह की चाय...