दो आँखें मेरे चंदा तारे
दो बाँहें‌ मेरे गलियारे
एक आँचल आकाश सुनहरा
एक गोदी नर्म बिछौना
बोलो माँ ! तुम हो ना ? 

सब फुलवारी तेरी सूरत
मेरी बहनें तेरी मूरत
तेरी एक झलक को मईया !
भीग रहा दृग कोना
बोलो माँ ! तुम हो ना ?

बिन तेरे त्यौहार मनाऊं
बिन तेरे सब यज्ञ कराऊं
बिटिया विदा हुई मैं सोचूं
बिन आँचल क्या रोना ?
बोलो माँ ! तुम हो ना ?

जानता हूं पर मान न पाऊँ
झूठ सही पर फिर भी चाहूँ
अपनी उस मीठी बोली से
फिर 'बेटा' कह दो ना 
बोलो माँ ! तुम हो ना ?

-ब्रजेश