चाँद
मेरे प्यारे चन्दा मामा
आज हम ,फिर तेरे घर आए हैं
अपनी माँ धरती की तरफ़ से
रक्षा का धागा लाए हैं।
भारत की धरती पर,हम
तेरे बहुत दीवाने हैं
हमारे धर्म और परंपराओं में
तेरे बहुत क़िस्से और तराने हैं।
प्रेम,सौंदर्य और विरह की गाथाएँ भी
तेरे बिना अधूरी हैं
चाँद और चकोर की कहानी से ही तो
प्रेम कहानी पूरी है।
हमारे लिए,नहीं हो तुम
मिट्टी और गैसों का गोला
हमारे लिए तो,सजीव हो तुम
ज्यों कोई भाई मुँह बोला।
आज दिखाया वो रूप भी तुमने
जिससे बाक़ी सब अनजाने हैं
दक्षिणी भाग के दर्शन देकर
पूरे किए,हमारे सपने पुराने हैं।
तिरंगा हमारा,तेरी सतह पर
गर्व हमारा बढ़ा रहा है
हमारे वैज्ञानिकों के हौसलों को
आकाश सातवें पर चढ़ा रहा है।
लाख लाख धन्यवाद तेरा
प्यार ऐसा देने के लिए
बहन की राखी के बदले
उपहार ऐसा देने के लिए।
ब्रज बाला
