*चैन की नींद*

हर चेहरे के पीछे कोई, राज छिपा होता है
कोई ना जाने किन्तु, खुद को पता होता है

बात छुपाने के लिए, लोग झूठ बोल देते हैं
मगर उनकी नजरों से, सच जाहिर होता है

जुल्म करना इंसान की, फितरत बन गई है
औरों के खून भरे, आंसुओं से हाथ धोता है

कत्ल करना जरूरी नहीं, जुल्म की खातिर
जरा सा दर्द भी, सितम का हिस्सा होता है

मजाक उड़ाते हो, बेवजह जब किसी का
कैसे जानोगे उसका, दिल कितना रोता है

खुश ना रहेगा कोई, किसी को तड़पाकर
बीज गमों के फिर क्यों, जीवन में बोता है

घिर जाता है इंसान, खुद के ही जंजाल में
कांटो की मालाएं अपने, गले में पिरोता है

देता जाए जीवन भर, जो सबको दुख दर्द
बेफिक्री से चैन की, नींद नहीं वो सोता है

*ॐ शांति*

*मुकेश कुमार मोदी, बीकानेर*
*मोबाइल नम्बर 9460641092*