आपत्तियों में धैर्य

कड़वी दवाओं से शारीरिक रोग मिटाए जाते हैं । उसी प्रकार विपत्तियों का कड़वापन हमारे जीवन को महानता के शिखर पर पहुंचाता है । खेत में अन्न उपजाने वाला जल काले बादलों से ही बरसता है । डरने वालों को ही विपत्तियां दुख देती हैं । घटनाओं को परिवर्तनशील समझने वाला ही विपत्तियों को खेल समझकर दृढ़तापूर्वक आगे बढ़ता है । ऐसे लोग संकट के समय भी निश्चिन्त रहते हैं । उन्हें विपत्तियों, कठिनाईयों रूपी पत्थर भी फूलों की सेज अनुभव होते हैं । दूर से ही दुर्गम पहाड़ियों को देखकर उन्हें पार करने से डरने वाला यात्री जब पास जाता है तो वही मार्ग उसे आसान लगता है । विपत्तियों के आने से पहले ही लोग उनसे घबराने लगते हैं, किन्तु जब वे सिर पर आ पड़ती हैं तो धेर्यपूर्वक उन्हें समाप्त किया जा सकता है । मूर्ति बनने के लिए एक पत्थर को अनेक चोटें सहनी पड़ती है । उसी प्रकार विपत्तियों रूपी चोटें खाकर ही मनुष्य अपना व्यक्तित्व गढ़ सकता है । विपत्तियां ही प्रेम की कसौटी बनकर हमारे अपनों की परीक्षा लेती है । यदि विपत्तियों में हमें किसी का निस्वार्थ सहयोग मिलना शुद्ध स्नेह का परिचायक है । दुख के बाद सुख, निराशा के बाद आशा और पतझड़ के बाद बसन्त ही सृष्टि का नियम है । जब तक सुख की एकरसता को वेदनाओं का कठोर आघात नहीं लगता, तब तक जीवन के यथार्थ ज्ञात नहीं हो सकता । विपत्तियां हमारे ही कर्मों का फल है, इसे भोगकर हम कर्मों के कठोर बन्धन से छूट जाएंगे । विपत्तियों का निडरतापूर्वक सामना करने वाले ही आत्मविश्वास की कसौटी पर खरे उतरते हैं । विपत्तियों के बीच से ही कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है । इसलिए विपत्तियों से घिरने पर यही सोचें कि हम कल्याण की दिशा में आगे बढ़ना बढ़ रहे हैं । प्रत्येक घटना पूर्व से निर्धारित है, नया कुछ भी घटित नहीं हो रहा । इसलिए सदा याद रखें कि बनी बनाई बन रही, अब कुछ बननी नाहीं । समस्त घटनाएं हमारी देह, नाम और सम्बन्धों से जुड़ी होती हैं । वास्तविकता यही है कि हमारा अस्तित्व शरीर से पृथक है । जितना हम अपनी देह, नाम और सम्बन्धों को ही सच्चा मानकर चलेंगे, उतना ही विपत्तियां हमें सताएंगी । परिवर्तन का नियम घटनाओं पर भी लागू होता है । इसलिए विपत्तियां भी स्थाई नहीं रह सकती । उन्हें भला बुरा समझना हमारी मनोवृत्ति पर निर्भर है । अधिकांश परिस्थितियां हमारी गलतियां बताकर उन्हें सुधारने का अवसर प्रदान करने के लिए आती हैं । इसलिए हमारा कर्तव्य है कि हम शान्तचित्त और धैर्यता के साथ इन आपत्तियों का निवारण करें । तभी इनके लाभकारी परिणाम प्राप्त होंगे ।

ॐ शांति