संबंध अटूट
परंतु भेद गहरा है
जैसे
नदी का समुंद्र से
भाप का बादल से
बूंद का वर्षा से
संबंध अटूट
किन्तु भेद गहरा है।
एक अनंत
तो दूजा सीमित है
एक विराट
तो दूजा सुक्ष्म है
एक सब जगह बसता है
तो दूजा सबमें बसता है
यह संबंध अटूट
किन्तु इसका भेद गहरा है।
एक वो है
जो टूटता है, मुड़ता है
लेकिन दूजा वो है
जो उसी के भीतर प्रज्वलित है
वो सत्य है
अजर है
अमर है
अविनाशी है
इसको मानों तो अच्छा है
क्योंकि संबंध अटूट
किन्तु भेद गहरा है।
यही वो अटूट संबंध है
यही उसका और
उसकी सृष्टि का भेद है
यही ईश्वर और इंसान है
यही ब्रह्म सत्यम जगत मिथ्या है
जो इसको पहचानों
तो अच्छा है
क्योंकि संबंध अटूट
किन्तु भेद गहरा है।