"नवयुग निर्माण"

जला लो मशालें
करो फिर शंखनाद
नवयुग निर्माण हेतु
कर दो प्रारम्भ आज!

नवयुग ऐसा हो
हो अनंत शांति
सब ओर सौहार्द्र हो
न मन में कोई भ्रान्ति!

न धर्म की लड़ाई
न हो कोई भेदभाव
वसुधैव कुटुम्बकम्
सर्वदा हो मन में भाव
हो बेटियों की रक्षा
नारी का सम्मान
दहेज़ की ख़ातिर फिर
न जाए कोई जान!

न वृद्ध कोई भटके
इक आशियाने बिन
न रात कोई गुज़रे
दो कौर खाने बिन
साक्षरता ध्येय हो
शिक्षित हो समाज
बालमज़दूरी का
जड़ से हो नाश!

सब ओर हो शांति
एकता खुशहाली हो
सर्वव्यापी सर्वोपरि
धर्म बस मानवता हो
मन में हो शक्ति
सामर्थ्य हो अपार
नवनिर्मित युग में
हो समृद्धि का संचार!

आओ प्रण करें
न बुझे ये मशाल
ये धरा स्वर्ग बन जाए
यूँ हो नवयुग निर्माण!

-भारती