सुबह से हो गई रात
कितनी बडी़ है बात
जीवन भर संग्राम
फिर भी खाली हाथ
धूप में निकले थे
हो गई फिर बरसात
रात को ले कर लौटे
आटे दाल के भाव
आये तो मेला था
सपनों का खेला था
जाते समय लेकिन
कौन चलेगा साथ
जन्मों का फेरा है
कर्मों का घेरा है
बस रैन बसेरा है
फिर किसे रहेगा याद
हर ओर अंधेरा है
तेरा ही उजाला है
जल जाएगा सूरज भी
रह जाएगी कुछ राख
