जिद करना बहुत ज़रूरी है,
जिद करना बहुत जरूरी है!

जिद ही संसार बनाती है,
जिद ही विध्वंस कराती है,
जिद हो तो कलिंग विजेता है,
जिद हो तो बुद्ध प्रणेता है,
हमने सब खोकर जाना है,
कुछ पाना बहुत जरूरी है,
जिद करना बहुत जरूरी है!

जिद के पीछे संकल्प अडिग,
जिद भी तो एक निर्माता है,
पत्थर से सिर फोड़ फोड़,
पानी भी राह बनाता है,
गिर गिर कर हमने जाना,
उठ चलना बहुत जरूरी है,
जिद करना बहुत जरूरी है!

हाथो से रस्सी छूट रही,
पनघट पर गगरी फूट रही,
श्वासों के सारे चिर स्पंदन,
काल निशा है लूट रही,
मर कर ही हमने जाना है,
जीना कितना जरूरी है,
जिद करना बहुत जरूरी है!