सब गुरुजन को बुरो बतावै । अपनी खिचड़ी अलग पकावै ।। भीतर तत्व न झूठी तेजी । क्यों सखि सज्जन नहिं अँगरेजी ।। तीन बुलाए तेरह आवैं । निज निज बिपता रोइ सुनावैं ।। आँखौ फूटे भरा न पेट । क्यों सखि सज्जन नहिं ग्रैजुएट ।। सुंदर बानी कहि समुझावै । बिधवागन सों नेह बढ़ावै ।। दयानिधान परम गुन-आगर । सखि सज्जन नहिं विद्यासागर ।। सीटी देकर पास बुलावै । रुपया ले तो निकट बिठावै ।। ले भागै मोहिं खेलहिं खेल । क्यों सखि सज्जन नहिं सखि रेल ।। धन लेकर कछु काम न आव । ऊँची नीची राह दिखाव ।। समय पड़े पर सीधै गुंगी । क्यों सखि सज्जन नहिं सखि चुंगी ।। मतलब ही की बोलै बात । राखै सदा काम की घात ।। डोले पहिने सुंदर समला । क्यों सखि सज्जन नहिं सखि अमला ।। रूप दिखावत सरबस लूटै । फंदे मैं जो पड़ै न छूटै ।। कपट कटारी जिय मैं हुलिस । क्यों सखि सज्जन नहिं सखि पुलिस ।। भीतर भीतर सब रस चूसै । हँसि हँसि कै तन मन धन मूसै ।। जाहिर बातन मैं अति तेज । क्यों सखि सज्जन नहिं अँगरेज ।। सतएँ अठएँ मों घर आवै । तरह तरह की बात सुनाव ।। घर बैठा ही जोड़ै तार । क्यों सखि सज्जन नहिं अखबार ।। एक गरभ मैं सौ सौ पूत । जनमावै ऐसा मजबूत ।। करै खटाखट काम सयाना । सखि सज्जन नहिं छापाखाना ।। नई नई नित तान सुनावै । अपने जाल मैं जगत फँसावै ।। नित नित हमैं करै बल-सून । क्यों सखि सज्जन नहिं कानून ।। इनकी उनकी खिदमत करो । रुपया देते देते मरो ।। तब आवै मोहिं करन खराब । क्यों सखि सज्जन नहिं खिताब ।। लंगर छोड़ि खड़ा हो झूमै । उलटी गति प्रति कूलहि चूमै ।। देस देस डोलै सजि साज । क्यों सखि सज्जन नहीं जहाज ।। मुँह जब लागै तब नहिं छूटै । जाति मान धन सब कुछ लूटै ।। पागल करि मोहिं करे खराब । क्यों सखि सज्जन नहिं सराब ।।