पुराना अख़बार
एक पुराना अख़बार हो जैसे
जिसका हर सफ़हा हर कॉलम
याद हो मेरी उँगली को
माज़ी की इक खुशबू ओढ़े
कुछ यादों के किस्से सोखे
धूल के ज़र्रे थपकी पर हैं
कुछ मुड़े तुड़े से कोने भी
सब याद नहीं है ठीक से लेकिन
कूचे, कटरे, और दरवाज़े
धुँधले धुँधले साये हैं कुछ
रिंग रोड के आँखों में,
अब जब भी मैं दिल्ली आता हूँ
अक्सर लगता है मुझको
दफ़अतन कोई पुराना अख़बार उठाया हो जैसे।
- प्रशान्त बेबार

