राधेश्यामी छंद


"वंचित"


ये दुनिया अजब निराली है, सब कुछ से बहुतेरे वंचित।

पूँजी अनेक पीढ़ी तक की, करके रखली कुछ ने संचित।।

जिस ओर देख लो क्रंदन है, सबका है अलग अलग रोना।

अधिकार कहीं मिल पाते नहिं, है कहीं भरोसे का खोना।।


पग पग पर वंचक बिखरे हैं, बचती न वंचना से जनता।

आशा जिन पर जब वे छलते, कुछ भी न उन्हें कहना बनता।।

जिनको भी सत्ता मिली हुई, मनमानी मद में वे करते।

स्वारथ के वशीभूत हो कर, सब हक वे जनता के हरते।।


पग पग पर अबलाएँ लुटती, बहुएँ घर में अब भी जलती।

जो दूध पिला बच्चे पालीं, वृद्धाश्रम में वे खुद पलती।।

मिलता न दूध नवजातों को, पोषण से दूध मुँहे वंचित।

व्यापार पढ़ाई आज बनी, बच्चे हैं शिक्षा से वंचित।।


मजबूर दिखें मजदूर कहीं, मजदूरी से वे हैं वंचित।

जो अन्न उगाएँ चीर धरा, वे अन्न कणों से हैं वंचित।।

शासन की मनमानी से है, जनता अधिकारों से वंचित।

अधिकारी की खुदगर्जी से, दफ्तर सब कामों से वंचित।।


हैं प्राण देश के गाँवों में, पर प्राण सड़क से ये वंचित।

जल तक भी शुद्ध नहीं मिलता, विद्युत से बहुतेरे वंचित।।

कम अस्पताल की संख्या है, सब दवा आज मँहगी भारी।

है आज चिकित्सा से वंचित, जो रोग ग्रसित जनता सारी।।


निज-धंधा करे चिकित्सक अब, हैं अस्पताल सूने रहते।

जज से वंचित न्यायालय हैं, फरियादी कष्ट किसे कहते।।

सब कुछ है आज देश में पर, जनता सुविधाओं से वंचित।

हों अधिकारों के लिए सजग, वंचित न रहे कोई किंचित।।

*** *** ***

राधेश्यामी छंद विधान -


यह छंद मत्त सवैया के नाम से भी प्रसिद्ध है। पंडित राधेश्याम ने राधेश्यामी रामायण 32 मात्रिक पद में रची। छंद में कुल चार पद होते हैं तथा क्रमागत दो-दो पद तुकान्त होते हैं। प्रति पद पदपादाकुलक का दो गुना होता है l तब से यह छंद राधेश्यामी छंद के नाम से प्रसिद्धि पा गया।

पदपादाकुलक छंद के एक चरण में 16 मात्रा होती हैं , आदि में द्विकल (2 या 11) अनिवार्य होता है किन्तु त्रिकल (21 या 12 या 111) वर्जित होता है।

राधेश्यामी छंद का मात्रा बाँट इस प्रकार तय होता है:

2 + 12 + 2 = 16 मात्रा (पद का प्रथम चरण)

2 + 12 + 2 = 16 मात्रा (पद का द्वितीय चरण)

द्विकल के दोनों रूप (2 या 1 1) मान्य है। तथा 12 मात्रा में तीन चौकल, अठकल और चौकल या चौकल और अठकल हो सकते हैं। चौकल और अठकल के नियम निम्न प्रकार हैं जिनका पालन अत्यंत आवश्यक है।

चौकल:- (1) प्रथम मात्रा पर शब्द का समाप्त होना वर्जित है। 'करो न' सही है जबकि 'न करो' गलत है।

(2) चौकल में पूरित जगण जैसे सरोज, महीप, विचार जैसे शब्द वर्जित हैं।


अठकल:- (1) प्रथम और पंचम मात्रा पर शब्द समाप्त होना वर्जित है। 'राम कृपा हो' सही है जबकि 'हो राम कृपा' गलत है क्योंकि राम शब्द पंचम मात्रा पर समाप्त हो रहा है। यह ज्ञातव्य है

हो कि 'हो राम कृपा' में विषम के बाद विषम शब्द पड़ रहा है फिर भी लय बाधित है।

(2) 1-4 और 5-8 मात्रा पर पूरित जगण शब्द नहीं आ सकता।

*** *** ***


बासुदेव अग्रवाल 'नमन'

तिनसुकिया