बहनें बचपन के दिनों में मित्र ज्यादा होती थीं
बड़ी तो मम्मी-पापा
और ज्यादा कहें तो दादा-दादी
और छुटकी तो हमारे रौब के दाब में रहती
लेकिन जब छुटकी और मैं एक हो जाते
तो बड़ी को पछाड़ देते
और तीनों एक तो किसकी मज़ाल
घर के भीतर हम भाई बहनों का
अपना एक घर होता था
जिसमें हमारी गोपनीयता
एक दूसरे से साझा होती
हमारी इच्छाएं एक-दूसरे की पूरक की तरह होती
जिन्हें माँ-पिता से पूरा करवाने में
हमारा बहुमत काम आता
इतने गहरे रिश्ते
जहाँ प्यार और झगड़े जोड़ की तरह थे
ख्वाइशें साझा थी
जिन्हें पूरा करने एक-दूसरे की पीठ पर हाथ थे
कभी सोचा न था कि बहनें
एक दिन इस तरह
छोड़कर चली जाएँगी हमारी दुनिया
तब पहली बार लगा कि वे
पंछियों की तरह होती है
किसी दूसरे घर में उनको देखना
कितना अटपटा लगा था
धीरे-धीरे वे अभ्यस्त हुईं और हम भी
शुरू-शुरू में आवाजाही कुछ ज्यादा थी
फिर धीरे-धीरे कम होने लगी
वहाँ उनका संसार बस गया
कुछ परिन्दे वहाँ भी चहचहाने लगे
इनके और हमारे बीच
फासलों की धीमी प्रक्रिया थी
इतनी दूर हुई कि कुछ भी साझा न रहा
उनके दुःख निजी थे
और हमारे दुःख और सुख में
वे आज भी शामिल रहती है
कुछ नहीं माँगती ये बहनें
और कुछ देने से सहमे हुए हम
बार-त्यौहार पर इनसे मिलते हैं
और फिर धीरे-धीरे भूल जाते हैं।