कौन है सच्चा देशभक्त?!
‘हर घर तिरंगा अभियान ’
‘आज़ादी का अमृत महोत्सव ’ मनाने वाला ,
या 27 जनवरी और 16 अगस्त की सुबह
सड़को पर पड़े तिरंगे उठाने वाला ।
कौन है सच्चा देशभक्त?!
निचले सिरे के रस्सी को खींच
तिरंगा फहराते हुए तस्वीरों में नज़र आने वाला ,
या सबसे छुपा सर्द धूप से लड़ते हुए
सरहदों पर सीना तान गोलियां खाने वाला ।
कौन हैं सच्चा देशभक्त?!
गीतो, गजलों और शे'रो में भारत को
कभी ना भूलने की कसमें खाने वाला ,
या अपनी मां को किए अनेकों वादे भूल
मां भारती से किए वादे निभाने वाला ।
कौन हैं सच्चा देशभक्त?!
शहीदों पर मोमबत्तियां जलाने वाला ,
उत्सव पर आज़ादी के गीत गाने वाला,
वीर सपूतों पर भाषण सुनाने वाला ,
या सबसे अंजान, चौराहे पर
आते जाते गाड़ियों के बीच
बुजुर्गों को सड़क पार कराने वाला ।
तो फिर सच्चा देशभक्त कौन है?
शायद वही, जो अब तक ‘ मौन ’ है ।
