सांझ सबेरे लगते हैं फेरे तेरे दर पे भवानी मैया
पाने नयनों में ज्योति, अधरो में सुर-वाणी मैया
पाने शरण ममता की आते नित नए प्राणी मैया ।

मैं नादान, भला क्या जानूं पूजा पाठ की परिभाषा मैया
यूं ही गाता रहूं तुझे कह आस की अंतिम अभिलाषा मैया
कह स्नेह की श्रृंगार मैया, कह कोमलता की भाषा मैया ।

चन्द प्रश्न चिन्ह है चित्त पर, लगाओ इनपर विराम मैया
सर्व शून्य में उलझा है ह्रदय, करो स्थिर यह संग्राम मैया
निज दस भुजाओं से लो इन ऊसर हाथो को थाम मैया ।

मन में पनपे महिषासुर रूपी विचारों का संहार करो मैया
ढक निज आंचल से अपने बालक का उद्धार करो मैया
अर्पण करता हूं शब्दों की पुष्पांजलि, स्वीकार करो मैया ।