नफ़रतों को ज़रा आदाब सिखाया जाए।

आज हर शख़्स को सीने से लगाया जाए।


फ़ासलों ने कई आवाज़ दबा रखी हैं,

एक ख़ामोशी को आवाज़ बनाया जाए।


तीर अल्फ़ाज़ के सीने में उतर जाते हैं,

लफ़्ज़ चुनने का हुनर सबको सिखाया जाए।


घर भी शीशे का है, लोगों के दिल भी नाज़ुक,

बात ऐसी न हो, पत्थर ही उठाया जाए।


कौन समझेगा मिरे दर्द की तह तक 'अज़हर',

ज़ख़्म गहरे हों तो चेहरा ही सजाया जाए।