"अंतर्मन की व्याकुलता "


ये अंतर्मन की व्याकुलता

छायी रहती नित नयी नयी

जिस पर कर दूँ न्यौछावर सब

पर कैसा होगा वह प्रियतम

यह एक प्रश्न या मात्र द्वंद्व ।

ये अंतर्मन की व्याकुलता ............

जिस पर प्राण न्यौछावर कर

हो जाऊं मैं मीरा जैसी

पी लूँ मैं भी विष का प्याला

पर क्या कृष्ण मुझे मिल जायेंगे ।

ये अंतर्मन की व्याकुलता .............

दे दूँ मैं भी अग्नि परीक्षा

हो जाऊं मैं सीता जैसी

पर क्या राम मुझे मिल जायेंगे ।

ये अंतर्मन की व्याकुलता ..........

बन जाऊं मैं भी सावित्री

यमराज से भी लड़ जाऊंगी

पर क्या सत्यवान मिल जायेंगे ।

ये अंतर्मन की व्याकुलता ..........

सतीत्व प्रमाण देकर नारी

क्या निश्कलंक हो जायेगी

यदि चाह हो पत्नी सीता सी

बन जाओ तुम श्री राम सभी ।

ये अंतर्मन की व्याकुलता .........

पर है मेरी ईप्सित इच्छा

कर लूँ मैं भी प्रेम परिणय

कर दूँ मैं भी न्यौछावर सब ।

ये अंतर्मन की व्याकुलता ............

क्या होगा वह ऐसा अनुरागी

जो प्रेम पाश में जकड़ सके

जो हृदय कपाट खोल सके

ये अंतर्मन की व्याकुलता ..........

किंचित नहीं भयभीत मैं

होगा वही जो कर्म है

ईश्वर ने है यह व्यूह रचा

उसमें मैं भी हूँ एक दीया ।।



~आयुषी मिश्रा' शिखा '


8 सितम्बर 2020

11:40 pm