आसमाँ सबका हुआ,

दूर तक फैला हुआ,

रंग उसका सबको नीला लगा,

मेरा आसमाँ छोटा सा था,

उसका रंग मैंने गुलाबी किया।


जिसको जो पसंद आया,

उसने वो सब किया,

जब मेरी बारी आई,

तब सबने मुझसे प्रश्न किया?


छोटी सी हस्ती में,

ख़्वाब क्यों बड़े बुनती हो?

पंख इतने है नहीं,

फिर उड़ान इतनी क्यों भरती हो?


सोचकर, देखकर, जानकर,

हैरां इस बात से हुई,

वो जो सवाल पूछते है,

उन्हें गिराने से है मतलब!


जब उड़ान मेरी,

आसमाँ मेरा,

तब उनके सवालों से,

मुझे क्या मतलब?


मैं पंख फैलाये,

उड़ चली मेरे गुलाबी आसमाँ में,

गिरी, उठी , संभली , साँस ले,

फिर तैयार हुई,

उड़ने को मेरे गुलाबी आसमाँ में,


ख़ुद से किया वादा,

लेकर मजबूत इरादा,

घनघोर बारिशों में,

तड़कती साज़िशों में,

हर धुंध को धूमिल किया,


और..

चीर कर उनके नीले आसमान को,

बिखराया रंग, मेरे गुलाबी आसमाँ में!!