वो मुझे अपने जैसा बनाना चाहते थे,

पर मैं बना वो

जो मैं बनना चाहता था।

गणित के अध्यापक ने पढ़ाया —

“दो और दो, चार होते हैं।”

मैंने पूछा,

“पाँच क्यों नहीं?

छः क्यों नहीं?

या फिर दस क्यों नहीं?”

वो मुस्कुराए, किताब बंद की,

आँखें सामान्य से कुछ बड़ी कीं।

उत्तर देने की जगह कहा —

“तुम मूर्ख हो।”

कक्षा हँसी,

सबकी हँसी ने कहा —

“तुम मूर्ख हो।”

पर उनके हँसने से

मैं मूर्ख नहीं बना।

मैं बना वो,

जो मैं बनना चाहता था।

— अविनाश