तकदीर के आसरे बैठकर,
सपनों को आयाम देना चाहता है।
नेता, अभिनेता, व्यापारी या खिलाड़ी
बनकर यश पाना चाहता है।
पर हँसी आती है,
जब तू ऐसा सोचता है,
लगता है, तूने कभी इतिहास नहीं पढ़ा।
अब्राहम लिंकन, नेपोलियन,
हिटलर, गांधी और अंबेडकर के
बारे में लगता है तूने नहीं सुना।
तभी तू तकदीर के पीछे पड़ा है।
जुनून और जज्बे से नाता,
तेरा नहीं पड़ा है,
तिरस्कार और भेदभाव के दर्द को,
तू ने पिया नहीं है।
हिम्मत, लगन, निष्ठा और स्वाभिमान,
तेरे लिए बस खोखले शब्द हैं,
तभी तू तकदीर का गुलाम बन बैठा है।
जो अपने भीतर,
विश्वास की ज्वाला जगाता है,
जो कर्म को ही पूजता है,
जो चुनौतियों से डरता नहीं है,
जो बाधाओं को पार कर,
युग निर्माण में जुड़ता है,
वो तकदीर पर नहीं,
अपने कर्म पर भरोसा करता है।
जो हार को जीत में,
बदलने का हुनर रखता है,
जो लक्ष्य को पाने की जिद में
हर पल संघर्ष करता है।
वो तकदीर का मोहताज नहीं है,
अपने कर्म से दुनिया को बदलता है।
उसके कर्म ही उसे अमर बनाते हैं,
जीते जी ही नहीं, मृत्यु के बाद,
उसके कार्य दुनिया को राह दिखाते हैं।
वही इंसान युगों-युगों तक प्रेरणा बनता है,
जो तकदीर को ठुकराकर
कर्म से अपनी पहचान बुनता है।
तो तू तोड़ दे तकदीर की बेड़ियां,
थाम ले कर्म का दामन,
तू जो सोचेगा, वहीं तू पा जाएगा
दुनिया देखेगी तमाशा और
तू दुनिया में इतिहास बना जाएगा।