चमकती लाइटें, गूँजता शोर,
दिखावे की दुनिया, चारों ओर।
तिलक, बारात और मेहंदी की रात,
पर कहीं नहीं दिखती वो पहले सी बात।
​दिखावा अब भारी है...
कही डीजे की धमक है, पटाखों पर भारी है,
और कहीं स्टालों की गिनती, सजावट का भारी है।
नाई का न्योता और वो सनेह अब पुराना है,
बस व्हाट्सएप पर भेजा एक निमंत्रण कार्ड सुहाना है।
​संगीत बदल गया है...
अब कहाँ वो मंगल गीत, कहाँ वो सुरीली तान?
अब तो नये-पुराने गानों का 'मैशअप' है प्रधान।
कानफोड़ू संगीत में रिश्तों की आवाज़ दब गई,
परंपराएं कहीं डीजे के 'बेस' के नीचे दब गई।
​पर कुछ खो गया है...
ना वो जनवासा, ना पंगत की शान,
ना पत्तल पे बैठ के बढ़ाता कोई मान।
ना पीयर धोती में समधी का प्यार,
ना समधिन की गालियों की मीठी फुहार।
​अजनबी महफ़िल है...
पंडाल सब एक से, मेहमान सब अजनबी है,
सही शादी में आये है कोई गड़बड़ तो नहीं है?
ना मेजबान को फुर्सत, ना मेहमान को खबर है,
बस वेटरों के हाथों में क्या है इस पर टिकी नजर है।
व्यवहार देना है...
ना दूल्हा निहारा, ना दुल्हन की छवि है,
लिफ़ाफ़ा किसे देना है पहचान कर राहत मिली है।
​आज का लोकाचार...
जेब गरम है, पर रिश्तों में ठंड है,
पनीर की चर्चा, व्यवहार में पाखंड है।
खाया-पिया, लिफाफा दिया और निकल लिए,
जैसे इसी औपचारिकता के लिए ही हम जिए है।
​ऊपर से मुस्कुरा कर कह दिया भाई—
"अरे! हम आ गए... क्या इतना कम है?"