बहना-मेरी बहना , मेरी प्यारी बहना

भोली सी , प्यारी सी और न्यारी बहना

बहना-मेरी बहना, मेरी प्यारी बहना


कलियों सी , फूलों सी , फुलवारी सी तू

पापा की, मम्मी की राजकुमारी सी तू

तारों का है टिमटिमाना भी तू और

चिड़ियों का है चहचहाना भी तू

पतझर हो या सावन जीवन में

फूलों से महकते रहना

बहना-मेरी बहना ,मेरी प्यारी बहना


तेरे होने से ही तो घर , घर होवे

रौनकें चलीं आएं तू जिधर होवे

तू जहाँ जाए , जाए उजियारा

राहों में तेरे चमके सितारा

खुशियाँ मिलें जहां भर की तुझे

हरदम मुस्कुराते रहना

बहना-मेरी बहना, मेरी प्यारी बहना


दुआओं संग प्यार को है बाँधा तूने

एक धागे से संसार को है बाँधा तूने

तूने राखी नहीं एहसास बाँधा है

कलाई पर भाई के विश्वास बाँधा है

ये डोर जो बाँधा है तूने

तोड़े से भी कभी टूटे ना

बहना-मेरी बहना, मेरी प्यारी बहना

हार को हराकर आगे बढ़ जाना

आएं रूकावटें तो लड़ जाना

हौसलों की सतरंगी पंख फैला के

मंजिलों के आसमां में उड़ जाना

चलना , चलते जाना

थककर कभी रुकना ना

बहना-मेरी बहना , मेरी प्यारी बहना


                              ~ अतुल मौर्य