तुम्हारे प्रेम को जी पाने से पहले ही
बेड़ियों में बाँधना
ऐसा था जैसे
किसी पिता का अपने नवजात शिशु को
कफ़न में लपेटना
सच है, ऐसा करने वाला मैं अकेला नहीं हूँ
मैंने देखा भी है कई लोगों को अपने बच्चों की लाशें उठाते
उन्हें चिताओं पर लिटाते, अग्नि देते, उनका श्राद्ध कर्म करते
अंतर है तो बस इतना
कि जब मेरे बच्चे को मुखाग्नि दी गयी
'वह जीवित था'

