मेरे अंतर का जो पंछी अब उड़ाने भर रहा रोकते ना रुक रहा है बस बहाने कर रहा शोर ना आवाज़ करता पाँव दाबे चल रहा मेरे दिल की बात सुन के है मुझी को छल रहा फिर गगन की ओर कर मुख, ये रोज़ सपने बुनता है मेरी ना माने ये हरगिज़, दिल की बस ये सुनता है रोकता हूँ इसको मैं पर, रोक भी पाता नहीं सीखा समझौता है मैंने, इसको वो आता नहीं चाहता है भर उड़ाने उड़ फलक तक जाए ये ना दे ये ख़ुद को दिलासा, पूरे पंख फैलाए ये पर जो लिपटा गुड परों में चाल धीमी कर रहा सोने के दिखते हैं पर, जब प्रकाश उनपे पड़ रहा पेड़, जल, धरती और अम्बर सब ही इससे कह रहे पोंछ ले गुड इन परों से, बोझ व्यर्थ ये सह रहे मोह का पर जाल इसपे है शिकंजा कस रहा मैं वहीं पर हूँ शिथिल और पंछी मुझपे हँस रहा मैं वहीं पर हूँ शिथिल और पंछी मुझपे हँस रहा....