_मेरी इच्छा_
भारत माँ से प्रार्थना
माँ तेरी माटी में मिलकर,
माटी होना चाहता हूँ।
कर सके कुछ तो उजाला,
बाती होना चाहता हूँ।।
तेरे तक जो आना चाहें,
उनपे छाया मैं करूँ।
हो भले बरखा या बिजली,
उनका साया मैं बनूँ ।।
तेरी बगिया करे रोशन,
वो बाती होना चाहता हूँ ।
माँ तेरी माटी में मिलकर ,
माटी होना चाहता हूँ।।
तेरे यश की कई कथायें,
सुन रखीं,मैंने पढ़ीं।
जन्म तो लेते हैं पर,
याद रह जाते नहीं।।
यश कथाओं सा मैं जीकर,
याद होना चाहता हूँ।
माँ तेरी माटी में मिलकर,
खाक होना चाहता हूँ ।।
तेरे वैभव गान सुनकर,
मन में आये बार बार ।
खुशी-पीड़ा दोनों भरती,
सुन के सारी जीत-हार।।
माँ मैं तेरी यशकथा के,
गीत गाना चाहता हूँ ।
माँ तेरी माटी में मिलकर,
माटी होना चाहता हूँ।।
तेरा हिमगिरि, तेरी नदियाँ,
तेरा सागर, फूल कलियाँ।
तेरा वैभव तेरी गाथा ,
श्रद्धा से झुकता है माथा।।
हाथ में थामे तिरंगा,
चलते रहना चाहता हूँ।
माँ तेरी माटी में मिलकर,
माटी होना चाहता हूँ।।
