एक थी धरती, एक था आसमां धरती का कुछ लगता था आसमां दिन तो दिन रातों में भी रोशनी कर धरती संग जगता था आसमां आसमां और धरती कुछ ही दूरी पर रहते थे लोग उस जगह को 'क्षितिज' कहा करते थे

आसमां अक्सर समझाता है अब ये ऊँच-नीच खुद को अनचाहे ही जाना फिर, बिन जाने भी चाहा धरती को लेकिन प्राण-प्रण की चाहत के आगे वक़्त का पहिया चलना ही था निंदिया को खुलना ही था चिड़िया को उड़ना ही था

खैर, इक दिन हुआ वही जिस दिन का अंदेशा था निर्णयों का आदेश हाथों में पीड़ाओं का सन्देसा था गरजा आसमां उस दिन खुद ही पर घर की उसी अंधियारी चौखट पर

वो दिन आ ही गया जब होनी धरती की सगाई थी वो महफ़िल में मोतियों का हार पहनकर आई थी अकेला खड़ा खड़ा 'वो' आसमां की ओर देखकर  खुद ही खुद से सफाई माँगता रहा और शरद की उस रात "वो" आकाश भर में चाँदनी -सी जगमगाई थी

रोशनी से नहाते परिसर में लगा जैसे देख रहा शायद आखिरी बार आँखें केवल दो ही रही हमेशा की तरह इस बार भी नहीं हो पाईं चार

माथे पर बिंदिया लगा सतरंगी परिधान में सजकर धरती एकदम दमक रही थी आसमां बदली बन फूट-फूटकर रोया, बरसा सौंधी मिट्टी अनायास ही महक रही थी

भीड़ में अनजाना साथ जाने कब का छूट गया आसमां को लगा जैसे अनदेखा सपना टूट गया तब से, धरती किसी अज्ञात नगर में रहती है

आसमां डगर-डगर फिरता रहता है

उस रात के बाद से रातों की नींदें रुठीं

तबियत दिन भर रहने बदहाल लगी 'बातें फरिश्तों की, रिश्तों की' लगने अब जंजाल लगी

आसमां ने कुछ दिन बाद ये माना कि उसने धरती को बहुत देर से जाना

तब से अक्सर आसमां अचानक धरती को सोचने लगता है और अपने आँसू बारिश के नाम से अलग-अलग रास्तों पर बहाता है जानने के लिए कि धरती का पता क्या है उस नगर का नाम, उस घर का पता क्या है

उधर धरती पचरंगी चुनरी ओढ़, सतरंगी पोशाक पहनकर मुस्कुराती है, खिलखिलाती है, लहलहाती है "उसके" माथे की चोटी जैसे धरती पर पर्वत की चोटी चोटी से बिंदिया तक आकर बहते हैं सरोवर और सागर धरती के चेहरे की बिंदिया धरती पर बल खाती नदिया

वैसे, धरती के दो बेटे हैं और इक बिटिया वही तीनों : 'सरोवर सागर और नदिया'

प्राकृतिक अलंकारों से सजकर सबको मंगल के सूत्र में पिरोकर रखती धरती जिसे लोग धन-धान्य, फल-फूलों का आँचल कहते हैं

आसमां फटे पुराने मटमैले कपड़ों में रहता जिसे लोग बादल कहते हैं

आसमां फिर तड़पने लगा है आसमां फिर गरजने लगा है आसमां के उसी बादल से फूट-फूटकर बरसने वाला है जल अच्छा मैं चलता हूँ, कहानी का अगला हिस्सा सुना दूंगा कल

धरती या आसमां का पता मिले तो मिलवा देना    उन्हें अपने-अपने हिस्से की चाहत और वजूद दिलवा देना उन्हें

वैसे... ये कथा मैं क्यों सुना रहा ! किरदार खुद कहानी बना रहा ! कितनी अजीब बात है जाने कैसी आखिर ये कहानी, है किस-किसकी ? सामान्य मनुष्यों के सम्बन्धों में जब गंध उठे अमरत्व जैसी शायद - 'मैं' कवि हूँ और 'वो' कविता जैसी 'मैं' आसमां हूँ और 'वो' धरती जैसी...

बस, उम्मीद यही कि आसमां निष्काम होकर धरती पर बादल बनकर बरस सके

सागर-सरोवर-नदिया को लबालब करे यही धरती के लिए सच्ची देन हो

एक आसमां कविताएं लिखकर किसी धरती के लबों पर जाने-अन्जाने ख़ुशी ला सके उसी धरती, जिसके लिए वो बेइंतहा बेचैन हो।।