भाइयों बहनों कहते कहते पीएम करते वार
मित्रों जन्म कुंडली से भी लिंक करो आधार
जोगीरा सारा रारा रा..
 
एन्टी रोमियो स्क्वॉड बना के योगी चल गए चाल
प्रेम दिवस पर प्रेम बिना सब प्रेमी हैं बेहाल
जोगीरा सारा रारा रा..
 
घर की मुर्गी दाल बराबर टोपी बदले भेस
सीएम साहब पूछ रहे सब अक्ल बड़ी या भैंस
जोगीरा सारा रारा रा..
(AAP के राज्यसभा प्रत्याशियों के चयन पर प्रतिक्रिया)
पहले माल्या ललित-गेट अब पीएनबी का झोल
ठाला नीरव मोदी डोले ढूंढे इंटरपोल
जोगीरा सारा रारा रा..
 
जैसी करनी वैसी भरनी सवा सेर भी पौन
भंसाली की करनी देखे सेना होकर मौन
जोगीरा सारा रारा रा..
 
गुप्ता जी से लाभ ले गया बनिया मफ़लरदार
आम आदमी का रायता झाड़ू रही बुहार
जोगीरा सारा रारा रा..
 
 
वही जेटली वही केटली कड़वी चाय बनाय
बिन पत्ती बिन पैसे केवल गोली देनी आय
जोगीरा सारा रारा रा..
(बजट पर लोगों की प्रतिक्रिया)
 
नानी के घर ब्याह रचा के कोहली खेले खेल
कन्यादान बिना फिरता हूँ बन कोल्हू का बैल
जोगीरा सारा रारा रा..
(विरुष्का के गठबंधन पर राहुल गाँधी की प्रतिक्रिया)
 
मंजन अंजन हल्दी चन्दन हर्बल सब सामान
पतंजलि का आसन लेकर बाबा बांटे ज्ञान
जोगीरा सारा रारा रा..
 
बार बार बछड़ा रोवै, न मैय्या दूध पिलाय
जी.एस.टी. की भैंस तले है नोटबन्दी की गाय
जोगीरा सारा रारा रा..
 
भक्त मंडली अच्छे दिन पर ख़ुद भी होती ट्रॉल
भाषण अच्छा देने से भी बनता है माहौल
जोगीरा सारा रारा रा..
 
आया नोट गुलाबी बदला कालेधन का रंग
इसका नकली देखा, रह गए मोदीजी भी दंग
जोगीरा सारा रारा रा..