— बातें जो दिल की चौखट पर खामोशी से दस्तक देती रहीं।
तुमसे कहने को बहुत कुछ था,
पर कुछ बातें समय से हार जाती हैं,
कहने से पहले ही,
वे शब्द खो जाते हैं कहीं दूर।
दिल के किसी कोने में गहराई तक दफ़्न,
लफ़्ज़ों में ढालने से पहले ही
वे जैसे हवाओं में घुल जाती हैं —
बिलकुल उस ख़्वाब की तरह
जो रात की आँखों में पलता है,
और सुबह की उजली सच्चाई में
धीरे-धीरे खो जाता है।
क्या तुम्हें कभी अहसास हुआ?
जितना मैं तुमसे कहना चाहती थी,
शायद उतना तुम कभी सुन ही नहीं पाए।
क्योंकि कहने से पहले ही
वे बातें पलकों पर आकर टिक जाती हैं —
जैसे आँसू,
जो आँखों से नहीं,
बस दिल की ख़ामोशी से बहते हैं।
क्या तुम कभी समझ सके?
वे चुप्पियाँ,
वे लंबी, थकी हुई ख़ामोशियाँ —
जो वक्त की सिलवटों में कहीं खो गईं,
क्या उनका दर्द कभी तुम भी महसूस कर पाए?
कभी-कभी तो
ज़िंदगी भी हार मान जाती है,
हमसे पहले —
बस कुछ कहने भर से पहले।
और अब...
वे बातें, जिन्हें कहने की हिम्मत नहीं जुटा पाई,
अब भी मेरे दिल की चौखट पर खड़ी हैं,
हर रोज़ दस्तक देती हैं —
पर अब वो लम्हा लौटता नहीं...!
लेकिन अब...
मन करता है कहने का —
क्या तुम सुनोगे?
वे बातें —
जिन्हें शायद तुमने भी कभी कहना चाहा था।
