आसान कब रहा है,इंसान का ये जीवन,
कठिनाइयों से गुजरा,भगवान का भी जीवन।
राजा के घर में जन्मे,महलों में गुजरा बचपन,
बदला जो वक्त उनका,वन में गुजारा जीवन।
राजा जनक की पुत्री,श्री राम की जो पत्नी,
कुछ भी कमी न फिर भी,कष्टों में गुजरा जीवन।
सोए न रातों को वह,अवतार शेष के थे,
गलती थी उनकी क्या जो,बीता था ऐसा जीवन।
माता-पिता भी छूटे,जन्मे थे कारागृह में,
मामा ही उनका शत्रु,चाहे जो उनका जीवन।
रणछोड़ कोई कहता,कोई कहता छलिया उनको,
स्वीकार श्राप करके,हंसकर बिताया जीवन।
