मैने हर किताब में

कलम से उकेर दिए वो कथन

जिनमें छपी थी अच्छी बातें,

किनारों पर मोड़ दिए वो पन्ने

जिनमें दर्ज थी अच्छी यादें

ताकि जब भी कोई किताब पढ़े

तब वो उन बातों और यादों को

पढ़ने से चूक न जाए...


लेकिन शायद

तुम्हें पढ़ना नहीं आता!

तुम्हें अतीत पसंद नहीं

या फिर तुम्हें लौटना नहीं आता

या शायद तुम्हें

सहेजना नहीं आता...


तुमने किताबों के

जितने भी पन्ने पढ़े,

सारे ही फाड़ दिए!

अब अंत में बचा है

केवल आखिरी पन्ना...


इतिहास ताक में रखकर

तुम फाड़ ही दोगे

वो अंतिम पन्ना

और कर दोगे

अंत का ही अंत!


शायद तुम्हें

ठहरना भी नहीं आता...


-राग