तुझ में मुझ में मीठी प्यारी सी

गर कुछ नोकझोंक हो जाती है,

मेरे मन में कुछ प्रीत भरी

माधुरिम सी रूठन आती है |

फिर भी तो मैं तेरा हूं

तुझसे दूर ना हो पाऊंगा,

तू रातों में मुझे मना लेना,

मैं लौट सुबह आ जाऊंगा!!!!


जाने कितने अनदेखे के सपने

कुछ प्यारी अनसुलझी बातें,

तेरी यादों को प्रेरित करती

कौतुक की बासंती रातें |

संग्रामों के परिधि चक्र में

जब याद कभी मैं भी आऊंगा,

तू रातों में मुझे मना लेना

मैं लौट सुबह आ जाऊंगा!!!!


अब तो घूम रहा है मन

जैसे आवारा बाजारों में,

जितने सपने थे सिमट गए

एक छत और चार दीवारों में |

प्यारी मीठी कुछ स्नेह भरी नज़्में

फिर भी मैं चार सुनाऊंगा,

तू रातों में मुझे मना लेना

मैं लौट सुबह आ जाऊंगा!!!!


जीवन के इस प्रणय गान में

जाने कितने छूटे अपने,

सहज सुनहरे कुछ चंचल से

जाने कितने टूटे सपने |

उन सपनों की अंत्येष्टि हेतु

मैं अश्रु निमंत्रण भिजवाऊंगा,

तू रातों में मुझे मना लेना

मैं लौट सुबह आ जाऊंगा!!!!

मैं लौट सुबह आ जाऊंगा!!!!

 ©~ अनुराग अंकुर